रणविजय/पौआखाली:
शराबबंदी वाले बिहार में शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुखानी पुलिस को एक कामयाबी मिली है. पुलिस ने करीब एक साल पूर्व एनएच 327ई पर भारी मात्रा में शराब बरामदगी के मामले में फरार चल रहे नामजद अभियुक्त को कटिहार जिले से गिरफ्तार कर लिया है. सुखानी थाना पुलिस ने थाना कांड संख्या- 34/25 के नामजद अभियुक्त अखिलेश कुमार (22 वर्ष) पिता- प्रकाश सिंह, साकिन- विषहरिया (वार्ड नंबर 02), थाना- कोढ़ा, जिला कटिहार को उसके गृह क्षेत्र से धर दबोचा.
पुलिस उसे गिरफ्तार कर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी में जुट गई है. इसकी जानकारी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने दी है. दरअसल, यह मामला 16 मई 2025 का है, जब तत्कालीन थानाध्यक्ष धरमपाल कुमार पुलिस बल के साथ तातपौआ एनएच 327ई मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे. उसी दौरान एक संदिग्ध पार्सल वैन की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान वैन से कुल 865 लीटर विभिन्न ब्रांड के विदेशी शराब बरामद की गई थी.
कार्रवाई के वक्त मुख्य चालक अखिलेश कुनार पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा था, लेकिन पुलिस ने सह-चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था. गिरफ्तार सह-चालक से पूछताछ और जांच के दौरान अखिलेश कुमार का नाम मुख्य रूप से सामने आया था. इसके बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध बिहार राज्य उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी. लंबी फरारी के बाद अंततः वह पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया.
























