बिहार के राज्यपाल सेवा निवृत्त लेफ्टिनेंट सैयद अता हसनैन के प्रस्तावित आगमन के मद्देनज़र जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश देते हुए कहा कि एक व्यक्ति की लापरवाही से संपूर्ण व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने सभी कार्यों को तत्परता एवं पूर्ण ईमानदारी के साथ निष्पादित करने पर बल दिया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राज्य स्तर से कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों के कार्यों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
बैठक में जनगणना के अंतर्गत Self Enumeration की प्रगति के संबंध में जीविका एवं शिक्षा विभाग से जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही, राज्यपाल द्वारा जिला प्रशासन के साथ होने वाली संभावित समीक्षा बैठक के एजेंडा पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रस्तुतीकरण (PPT) के विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को DRDA, समाहरणालय परिसर एवं सर्किट हाउस में साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त बिना अनुमति मुख्यालय छोड़कर जाने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी कार्य के निष्पादन में अन्य विभागों के सहयोग की आवश्यकता हो तो संबंधित विभाग से तत्काल समन्वय स्थापित कर कार्य पूर्ण करें तथा सहयोग प्राप्त नहीं होने की स्थिति में वरीय पदाधिकारियों को सूचित करें।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को राज्यपाल श्री हसनैन के आगमन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने हेतु समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।


























