काढ़ागोला स्टेशन पर रुककर सुनीं समस्याएं, स्पर मरम्मत और नल-जल योजना की जांच की मांग
बरारी /कटिहार -प्रखंड क्षेत्र में विकास कार्यों में अनियमितता और मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने गंभीर चिंता जताई है। पटना जाने के दौरान काढ़ागोला रेलवे स्टेशन पहुंचकर उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और क्षेत्रीय समस्याओं पर खुलकर अपनी बात रखी।ग्रामीणों ने सांसद को बिजली की गंभीर समस्या से अवगत कराया।
इस पर पप्पू यादव ने मौके से ही बिजली विभाग के मंत्री और चीफ इंजीनियर से मोबाइल पर बात की। उन्होंने जले हुए केबल को तत्काल बदलने तथा कालिकापुर फीडर को अलग कर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया।सांसद ने काढ़ागोला घाट स्थित गंगा नदी के स्पर संख्या 10 पर करीब 3 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से चल रहे मरम्मत कार्य में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ठेकेदार द्वारा गुणवत्ता का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने बरारी प्रखंड में लागू नल-जल योजना को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि कहीं भी ग्रामीणों को नियमित पेयजल नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जमीन पर फेल साबित हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद ने क्षेत्र में लगातार बने बिजली संकट को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
अंत में पप्पू यादव ने कहा कि बरारी प्रखंड से जुड़े सभी मुद्दों को वे लोकसभा में प्रमुखता से उठाएंगे, ताकि सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित हो और जल्द समाधान हो सके।इस दौरान सांसद प्रतिनिधि नैयर खान, मो.सलीम,गुलशन सिंह,परविंदर सिंह बॉबी, मुखिया इब्राहिम,पूर्व मुखिया खालिक, प्रशांत गुप्ता समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।


























