किशनगंज/प्रतिनिधि
नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के समर्थन में स्थानीय स्तर पर महिलाओं का आक्रोश देखने को मिला। महिला सशक्तिकरण और अधिकारों को लेकर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और विपक्ष के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
स्थानीय मनोरंजन क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती सोनी देवी ने की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को हर क्षेत्र में समान भागीदारी दिलाने के लिए कृतसंकल्प हैं, लेकिन विपक्ष के विरोध के कारण महिला आरक्षण बिल को संसद में पास नहीं होने दिया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कार्यक्रम के बाद सैकड़ों महिलाओं ने जन आक्रोश मार्च निकाला। यह मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महिला अधिकारों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. मीना कुमारी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल का विरोध करना महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बराबरी का हक दिलाने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयासरत है, लेकिन विपक्ष का रुख निराशाजनक है।
इस मौके पर लखबीर कौर, दुर्गा स्वर्णकार, पुष्पांजलि, लता मोदी, मीरा साहा, दुर्गा पासवान, लक्ष्मी देवी, स्वस्ति देवी, रूपा कुमार सिंह, रंजीता कुमारी, रंभा देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। वहीं भाजपा के जिला अध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह, जय किशन, जिला उपाध्यक्ष पंकज साह मानु, जिला महामंत्री शिवम साहा, जिला मंत्री बिक्रम पासवान, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष रवि चौधरी, मृत्युंजय कुमार, पृथ्वी पासवान, विदुर शाह सहित अन्य कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने एक स्वर में महिला आरक्षण के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करते हुए विपक्ष के निर्णय का पुरजोर विरोध किया।

























