फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर हाई वोल्टेज ड्रामा, मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ी महिला को दो घंटे बाद सुरक्षित उतारा गया

SHARE:

फारबिसगंज /अरुण कुमार


फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला प्लेटफार्म संख्या दो पर खड़ी मालगाड़ी के डिब्बे के ऊपर चढ़ गई। डिब्बे के ठीक ऊपर 25 हजार वोल्ट का हाई वोल्टेज बिजली तार मौजूद था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना ने पूरे स्टेशन परिसर में सनसनी फैला दी।
महिला करीब दो घंटे तक डिब्बे के ऊपर इधर-उधर टहलती रही, जबकि नीचे मौजूद रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और अन्य कर्मचारी उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अररिया से जोगबनी रेलखंड के बीच बिजली सप्लाई को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।


घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। महिला को नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने और प्रयास करने के बावजूद सफलता नहीं मिल रही थी, जिससे मौके पर मौजूद कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।


आखिरकार आरपीएफ जवानों और स्टेशन की सफाई एजेंसी के कर्मचारियों की संयुक्त कोशिशों से महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान स्टेशन पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और हर कोई इस घटनाक्रम को देखने के लिए उत्सुक नजर आया।
आरपीएफ प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है। पूछताछ में उसने अपना नाम पल्लवी कुमारी बताया और खुद को बेगूसराय जिले के दलसिंहसराय क्षेत्र की रहने वाली बताया।


महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए उसे जोगबनी रेल थाना के हवाले कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन की तत्परता और सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

सबसे ज्यादा पड़ गई