कटिहार ग्रामीण – जिले के बरारी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व मंत्री जनाब मंसूर आलम के निधन के बाद उनके बरारी स्थित आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। इसी क्रम में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव अपने समर्थकों के साथ पूर्व मंत्री के आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान पप्पू यादव ने कहा कि मंसूर आलम ऐसे जननेता थे, जो हर वर्ग, हर समाज और हर तबके के लोगों के दिलों में बसते थे। उन्होंने हमेशा जनता की सेवा को प्राथमिकता दी और गरीब, जरूरतमंद व आम लोगों की आवाज बनकर काम किया।
उन्होंने कहा कि मंसूर आलम का निधन क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे सीमांचल के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में जो खालीपन आया है, उसे भर पाना आसान नहीं होगा।
सांसद ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने का संदेश दिया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समर्थक और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि नैयर मसूद खान,अरुण सिंह,मो.सलीम सहित सैकड़ों समर्थक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

























