गौरी शंकर विमला देवी चैरिटेबल ट्रस्ट, ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, दिगंबर जैन समाज एवं अन्य संस्थाओं के संयुक्त सौजन्य से आयोजित जिला-स्तरीय वार्षिक शतरंज प्रतियोगिता में शनिवार को स्पेशल ग्रुप, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों के मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
स्पेशल ग्रुप का परिणाम घोषित करते हुए आयोजकों ने बताया कि इस वर्ग में शुभम जैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, डुमरिया निवासी अनुभवी खिलाड़ी बापी चंद्र बणिक द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि जिले के वरिष्ठतम खिलाड़ी प्रदीप कुमार दत्ता ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इस संबंध में जिला शतरंज संघ के मानद महासचिव शंकर नारायण दत्ता एवं चेस क्रॉप्स अकादमी के प्रमुख कमल कर्मकार ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्गों में भी कड़े मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। इन वर्गों में मोहम्मद अमानुल्लाह, युवराज साह, ऋषभ आनंद, केशव मित्तल, अनंत कर्ण, पलचीन जैन, अपर्णा शर्मा, आयुष कुमार, सुरोनोय दास, धान्वी कर्मकार, जयश्री प्रभा और दृष्टि दिया प्रामाणिक सहित कई खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करते हुए आगे चल रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान कार्यक्रम में सह-प्रायोजक राजस्थान मार्बल्स के सुनील जैन, दिगंबर जैन समाज के सुरेश जैन तथा स्वास्तिक मेडिको के अनुराग जैन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 412 खिलाड़ियों को रविवार को श्री दिगंबर जैन भवन में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।


























