भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 17 मवेशी जब्त; तस्कर फरार।

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 153 के समीप सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 मवेशियों को जब्त किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार की सुबह लगभग 8 बजे माफीटोला एवं पेकटोला कैंप के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से कुछ मवेशियों को अवैध रूप से भारतीय सीमा में लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही माफीटोला और पेकटोला कैंप के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीमावर्ती क्षेत्र में घेराबंदी कर दी। जवानों की सक्रियता और तत्परता के चलते कुल 17 मवेशियों को जब्त कर लिया गया। हालांकि, इस दौरान तस्कर मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

इस संबंध में एसएसबी के कंपनी कमांडर सह असिस्टेंट कमांडेंट जगदेव सिंह ने बताया कि जब्त किए गए मवेशियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए टेढ़ागाछ थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने एसएसबी की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सीमा पर तैनात जवानों की सतर्कता से तस्करी की घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि भारत-नेपाल की खुली सीमा का फायदा उठाकर आए दिन पशु तस्करी, शराब तस्करी समेत अन्य अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है।


ग्रामीणों ने यह भी बताया कि तस्कर अब अपने तौर-तरीकों में बदलाव करते हुए छोटे-छोटे बच्चों और महिलाओं का उपयोग “कैरियर” के रूप में कर रहे हैं, जिससे उन पर संदेह कम हो और तस्करी आसानी से हो सके। पुराना टेढ़ागाछ, पेकटोला, माफीटोला, बैरिया, भोरहा वार्ड संख्या 8 मुंशी टोला सहित कई गांव इस समस्या से प्रभावित हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सीमा क्षेत्रों में निगरानी और अधिक सख्त की जाए तथा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि इस अवैध धंधे पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई