सौहार्द और भक्ति का संगम: किशनगंज में रामनवमी शोभा यात्रा में झांकियों और तांडव नृत्य ने बांधा समां

SHARE:



संवाददाता: राहुल कुमार

70 प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले सीमावर्ती किशनगंज जिले में गुरुवार को श्री रामनवमी का पावन पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे और उत्साह के साथ भव्य रूप में मनाया गया। इस अवसर पर शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह जय श्री राम के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।भगवा झंडा और हाथों में पारंपारिक हथियार लिए हजारों राम भक्त रामनवमी जुलूस में शामिल हुए।

बताते चले कि शहर के रूईधासा मैदान से विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य और आकर्षक शोभा यात्रा निकाली गई।इस शोभा यात्रा में वीर शिवाजी सेना संगठन,श्री राम सेना के भी सैकड़ों सदस्य शामिल थे। श्रद्धालुओं में खासकर युवाओं का जोश देखने लायक था, जो डीजे की धुन पर झूमते नजर आए और पूरे मार्ग में भक्ति एवं उत्साह का माहौल बनाए रखा।

शोभा यात्रा में शामिल भव्य और सजीव झांकियां लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। भगवान श्री राम, माता जानकी, भगवान भोलेनाथ, माता काली और बजरंगबली सहित विभिन्न देवी-देवताओं की वेशभूषा में सजे कलाकारों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। इन कलाकारों के साथ सेल्फी लेने के लिए युवाओं और युवतियों में खासा उत्साह देखा गया।यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर कलाकारों ने तांडव नृत्य समेत कई मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इन प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को और भी जीवंत और रोमांचक बना दिया।


वहीं, इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार स्वयं गांधी चौक पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते देखे गए।वही पुलिस कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के जरिए पूरे शहर की निगरानी रखी जा रही थी।जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, वहीं शोभा यात्रा के पूरे रूट पर पुलिस की लगातार निगरानी बनी रही। वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में जगह-जगह दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात रहे, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके।


प्रशासन की सजगता और स्थानीय लोगों के सहयोग से यह भव्य शोभा यात्रा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कुल मिलाकर, किशनगंज में इस बार की रामनवमी न केवल भक्ति और उत्साह का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक सौहार्द और एकता की मिसाल भी पेश कर गई।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई