सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद एसपी ने की त्वरित कार्रवाई
बरारी /कटिहार – थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बरारी थाना में पदस्थापित पुअनि दिवाकर सरकार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जाता है कि 22 मार्च 2026 को बरारी थाना क्षेत्र के सर्वाराम दियारा में क्षेत्र भ्रमण के दौरान एसआई दिवाकर सरकार का हथियार के साथ एक वीडियो बनाया गया।
जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित पदाधिकारी ने स्वयं ही हथियार के साथ वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया था।
पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने इस आचरण को अनुशासनहीनता मानते हुए त्वरित कार्रवाई की और उन्हें निलंबित कर दिया। साथ ही मामले में अग्रेतर विभागीय कार्रवाई भी जारी है।इस घटना के बाद पुलिस विभाग में सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर एक बार फिर सतर्कता बढ़ा दी गई है।स्थानीय स्तर पर भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
























