कटिहार:आंधी-तूफान ने किसानों की तोड़ी कमरफसल बर्बादी से मचा हाहाकार मुआवजे की मांग तेज

SHARE:

कांग्रेस नेताओं ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

कटिहार – जिले में बीते दिन अचानक आई तेज आंधी -तूफान और बारिश ने किसानों पर कहर बरपा दिया। मौसम के इस बदले मिजाज ने खासकर मक्का किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है।

खेतों में खड़ी फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। इस आपदा के बाद कटिहार कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार यादव एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप विश्वास समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने जिले के विभिन्न प्रभावित इलाकों का दौरा किया। नेताओं ने सीधे खेतों तक पहुंचकर किसानों से मुलाकात की और नुकसान की स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान किसानों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि आंधी और बारिश ने उनकी पूरी फसल चौपट कर दी है। कटिहार कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा कि यह आंधी-तूफान किसानों के लिए किसी आफत से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले से ही आर्थिक तंगी झेल रहे किसानों पर यह प्राकृतिक आपदा दोहरी मार बनकर आई है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित किसानों के लिए जल्द से जल्द उचित मुआवजे की घोषणा की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान हैं और यदि किसान खुशहाल नहीं रहेंगे तो देश की समृद्धि संभव नहीं है।

जिला अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने यह भी कहा कि किसानों के इस भाड़ी नुकसान की जानकारी सांसद तारीक अनवर को भी दी गई है सांसद तारिक अनवर ने भी किसानों के नुकसान की भरपाई की मांग सदन में उठाने का आश्वासन दिया है। वहीं किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप विश्वास ने कहा कि किसानों की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है और ऐसे में इस तरह की प्राकृतिक आपदा ने उनकी कमर तोड़ दी है।

उन्होंने बिहार सरकार और केंद्र सरकार से अपील की कि इस कठिन समय में किसानों के साथ खड़ी होकर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समय पर मुआवजा मिलने से किसानों को कुछ हद तक राहत मिल सकती है और वे दोबारा खेती के लिए तैयार हो सकेंगे।

स्थानीय किसानों ने भी सरकार से शीघ्र सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे इस संकट से उबर सकें। मौके पर गोपाल चंद यादव,बिरबल राय, अनिल राय,रामनाथ सिंह,रवि शंकर चौधरी,गौतम चौधरी, सुबोध यादव सहित कई कांग्रेस नेता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई