कटिहार – जिले के सुरक्षित माने जाने वाले बालिका गृह से बीती रात दो किशोरियों के फरार होने की घटना ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। भागने वाली लड़कियों में एक बिहार के अररिया जिले की और दूसरी हरियाणा की बताई जा रही है। परेशानी की बात यह है कि ये दोनों किशोरियां पहले भी अपने घर से भाग चुकी थीं और कल रात उन्होंने एक बार फिर इस घटना को अंजाम दिया।
शौचालय का वेंटिलेशन तोड़कर अंधेरे में हुईं गायब –
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक रविशंकर तिवारी से पुछा गया तो उन्होंने बताया कि घटना रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अंजाम दिया गया। बच्चियों ने शौचालय जाने का बहाना किया और वहां लगे वेंटिलेशन को तोड़कर बाहर निकल गईं। रात से ही बालिका गृह के तमाम कर्मचारी और अधिकारी उनकी तलाश में जुटे हैं।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था –
इस घटना ने बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्था और पदाधिकारियों द्वारा किए जाने वाले औचक निरीक्षण की पोल खोल कर रख दी है। स्थानीय लोगों और जानकारों के बीच कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि
क्या ये दोनों बच्चियां कई दिनों से भागने की योजना बना रही थीं? वेंटिलेशन काफी ऊंचाई पर होने के बावजूद उसे इतनी मजबूती से कैसे तोड़ा गया?ऊंचाई तक पहुँचने और भागने के लिए बच्चियों ने किन साधनों का उपयोग किया?
पुलिस को सूचना, बरामदगी का आश्वासन-
घटना की आधिकारिक सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही दोनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा। हालांकि, पूर्व में भी ऐसी घटनाएं होने के बावजूद सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक होना चिंता का विषय है।रविशंकर तिवारी ने बताया कि बच्चियां शौचालय जाने के बहाने वेंटिलेशन तोड़कर भागी हैं। हम पुलिस के साथ मिलकर उनकी तलाश कर रहे हैं और जल्द ही उन्हें ढूंढ लिया जाएगा।
रिपोर्ट: सत्येंदु सुमन



























