अफवाह फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी
बारसोई /कटिहार – ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को बारसोई में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। अनुमंडल प्रशासन के नेतृत्व में निकाली गई फ्लैग मार्च ने पूरे नगर में सुरक्षा और विश्वास का मजबूत संदेश दिया।अनुमंडल कार्यालय परिसर से शुरू हुई यह फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरी।
मार्च के दौरान पुलिस बल की सख्त मौजूदगी और अधिकारियों की सक्रियता ने यह स्पष्ट कर दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।एसडीएम राजू कुमार एवं एसडीपीओ अजय कुमार ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि ईद का पर्व आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ मनाएं।
उन्होंने लोगों को सचेत किया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।फ्लैग मार्च में बारसोई थाना अध्यक्ष उमेश कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी व बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल रहे। पूरे अभियान के दौरान प्रशासन का सख्त और सजग रुख देखने को मिला।
जिससे आम लोगों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई।प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहींजिम्मेदार नागरिकों से अपील की गई कि वे आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए ईद का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाएं।


























