बरारी/कटिहार – पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत गुरुवार को सेमापुर मंडल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेमापुर मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार भगत ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के जिला अध्यक्ष मनोज राय उपस्थित रहे, जबकि कोढ़ा विधायक कविता पासवान ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
प्रशिक्षण वर्ग के मुख्य वक्ता एवं कटिहार के पूर्व विधान पार्षद राजवंशी सिंह ने संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत को भाजपा की मूल प्रेरणा बताते हुए कार्यकर्ताओं से इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस मौके पर बरारी के पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी,विधानसभा प्रभारी शम्भूनाथ चौधरी, जिला महामंत्री गोविन्द अधिकारी, रामनाथ पांडेय तथा सौरभ मालाकार भी मंचासीन रहे। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती, अनुशासन और सक्रियता पर बल देते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावी तैयारियों के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंडल प्रभारी,मंडल महामंत्री, उपाध्यक्ष,मंत्री,विभिन्न पंचायतों के अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के संयोजक, मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री सहित मंडल क्षेत्र के अनेक जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर सक्रियता, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के विषय में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार भगत ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाते हैं।





























