व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
कुरसेला/कटिहार – जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को प्रखंड क्षेत्र में प्रशासनिक सक्रियता तेज रही। प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी प्रियंवदा ने विभिन्न पंचायतों का दौरा कर सरकारी योजनाओं एवं संस्थानों का सघन निरीक्षण किया।
इसी क्रम में बीडीओ कुमारी प्रियंवदा उत्तरी मुरादपुर पंचायत अंतर्गत बलथी महेशपुर स्थित कस्तूरबा बालिका विद्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पठन-पाठन एवं पोषण व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालय में साफ-सफाई, शिक्षा व्यवस्था एवं छात्राओं के पोषण मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित कर्मियों को व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद बीडीओ कुमारी प्रियंवदा ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक सही तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जहां भी कमियां पाई गई हैं, वहां सुधार के निर्देश दिए गए हैं और लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।



























