टेढ़ागाछ पीएचसी में परिवार नियोजन मेला का शुभारंभ, लोगों को किया गया जागरूक।

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) टेढ़ागाछ में मंगलवार को परिवार नियोजन मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने फीता काटकर किया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे, जिन्होंने मेले को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

उद्घाटन अवसर पर बीएचएम अजय कुमार साह, बीईई अभिषेक कुमार, बीसीएम वकील अहमद, सभी महिला एएनएम तथा आशा फेसिलिटेटर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा आए हुए लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों एवं उनके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मेले के दौरान दंपत्तियों को छोटे परिवार के फायदे समझाए गए तथा स्थायी और अस्थायी दोनों प्रकार के परिवार नियोजन उपायों की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि परिवार नियोजन अपनाने से न केवल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है। इस दौरान इच्छुक लाभुकों का पंजीकरण कर उन्हें आवश्यक परामर्श भी दिया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा जनसंख्या नियंत्रण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के मेलों का नियमित आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जागरूक बनें और परिवार नियोजन के साधनों को अपनाकर स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।


कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण लोग परिवार नियोजन के उपायों से दूर रहते हैं। ऐसे में इस तरह के मेलों के माध्यम से लोगों को सही जानकारी देकर उन्हें प्रेरित किया जा रहा है।अंत में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विश्वास जताया कि इस मेले से अधिक से अधिक लोग लाभान्वित होंगे और क्षेत्र में जनसंख्या नियंत्रण के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति में भी सुधार आएगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई