समेली/कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के डूमर पंचायत के वार्ड संख्या 2 में बीती रात भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई । जिसमें दो परिवारों के घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार डूमर पंचायत के वार्ड संख्या 2 पुवारी टोला निवासी बिजली देवी पति विनोद मंडल तथा पार्वती देवी पति वकील साह का घर आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
आग की लपटों में घर में रखा करीब पांच हजार रुपये नकद, अनाज, कपड़े, बर्तन सहित अन्य जरूरी सामान जलकर खाक हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर आग पर किसी तरह काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य घरों को बचाया जा सका। घटना की जानकारी मिलते ही डूमर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुमन शर्मा ने समेली के जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि रौशन कुमार मंडल, अंचलाधिकारी प्रियरंजन कुमार, थानाध्यक्ष नवीन कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को दूरभाष के माध्यम से सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद डूमर पंचायत के भूतपूर्व मुखिया विनोद कुमार चौधरी,पूर्व मुखिया कल्पना देवी,पूर्व मुखिया प्रतिनिधि सह प्रमुख प्रतिनिधि सुबोध कुमार मंडल तथा वर्तमान मुखिया मनीष ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और अग्निपीड़ित परिवारों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्हें सूखा राशन एवं नगद सहायता भी प्रदान की गई।
वहीं समेली के जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि रौशन कुमार मंडल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर अग्निपीड़ित परिवारों से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने अग्निपीड़ितों के बीच सूखा राशन सामग्री का वितरण किया। इसके अलावा वार्ड संख्या 2 के वार्ड सदस्य प्रतिनिधि ज्योतिष उरांव ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सरकारी सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

























