संवाददाता/ किशनगंज
किशनगंज शहर के उत्तर पल्ली महावीर नगर में सड़क एवं नाला का निर्माण नहीं होने से स्थानीय मोहल्लेवासियों ने किशनगंज ठाकुरगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और नगर परिषद के खिलाफ ज़ोरदार प्रदर्शन किया ।स्थानीय लोगों ने कहा कि सालों से वो लोग सड़क और नाला निर्माण की मांग कर रहे है लेकिन बार बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती।
आक्रोशित लोगों ने कहा कि हल्की बारिश के बाद ही जलजलाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है जिसकी वजह से काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।आक्रोशित मुहल्ले वासियों ने सड़क को बास बल्ली लगा कर जाम कर दिया जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
वही सड़क जाम की सूचना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची और लोगों को समझाने बुझाने का काम किया गया। वही नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान भी मामले की जानकारी मिलने के बाद पहुंचे और उन्होंने कहा कि जल्द ही सड़क का निर्माण करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 20 सालों से नगर में किलविस का साम्राज्य था और कोई काम नहीं हुआ ,लेकिन अब प्राथमिकता के आधार पर कार्य करवाया जाएगा ।श्री पासवान ने कहा कि इस्टीमेट भेजा गया है और योजना लंबित है तब तक अस्थाई रूप से समस्या का समाधान किया जाएगा ।


























