मखाना खेत में पटवन के दौरान किसान की करंट लगने से मौत,परिजनों में पसरा मातम

SHARE:

बरारी/कटिहार – मखाना के खेत में पानी पटवन करने गए 25 वर्षीय किसान की करंट लगने से मौत हो गई। जबकि एक मिस्त्री गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार पूर्वी बारीनगर पंचायत के गांधी ग्राम वार्ड संख्या 11 निवासी विजय रविदास का पुत्र सुमित रविदास रविवार सुबह करीब 7 बजे बोरिंग मिस्त्री नवीन पंडित के साथ भंडारतल ईंट भट्टा के समीप स्थित अपने मखाना खेत में मोटर से पानी पटवन करने गया था।

दोनों पम्पसेट की मोटर का तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान जमीन पर पड़े जर्जर बिजली के तार पर पैर पड़ जाने से दोनों को तेज करंट लग गया।


घटना को देख आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान तुरंत मौके पर पहुंचे और बिजली का कनेक्शन काटकर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरारी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुमित रविदास को मृत घोषित कर दिया, जबकि मिस्त्री नवीन पंडित का इलाज जारी है।


बताया जाता है कि मृतक सुमित रविदास की शादी तीन वर्ष पूर्व पोठिया में हुई थी। जिसे दो वर्ष का एक पुत्र और छह माह की एक पुत्री है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई