किशनगंज /प्रतिनिधि
सदर थाना क्षेत्र में एक महिला ने लोन के नाम पर धोखाधड़ी और मारपीट का आरोप लगाते हुए रविवार को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।वार्ड संख्या 19 स्थित छतन टोला निवासी तहिरुण निशा के द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार उसने पूर्व में 40 हजार रुपये का ग्रुप लोन लिया था, जिसे समय पर चुकता कर दिया था। इसके बाद बड़ोघरया वार्ड संख्या 20 निवासी अरशी ने भरोसा दिलाकर उसे एक लाख रुपये का नया ग्रुप लोन दिलवाया।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार अरशी ने कहा था कि लोन की पूरी राशि वह खुद चुका देगी, इसलिए पैसे उसे दे दिए जाएं। भरोसा कर पीड़ित महिला ने एक लाख रुपये का लोन लेकर आरोपी महिला अरशी को दे दिया। आरोप है कि शुरुआती तीन माह तक अरशी ने किस्त की राशि दी, लेकिन उसके बाद भुगतान बंद कर दिया।
जब महिला ने पैसे की मांग की तो आरोपी महिला अरशी अपने मायके चली गई। पीड़ित महिला का कहना है कि वह कई बार रुपए लौटाने का आश्वासन देकर रुपए नहीं लौटाए गए। प्राथमिकी के अनुसार छह मार्च को सूचना मिली कि आरोपी महिला अपने ससुराल आई हुई है।
इसके बाद वह अपने विकलांग पति के साथ पैसे मांगने बड़ोघरया पहुंची।लेकिन रुपए नहीं लौटाए गए।इसके बाद पीड़िता ने सदर थाना में केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। सदर थानाअध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने बताया कि प्राथमिकी को दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।





























