अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर छत्तरगाछ की शिक्षिका कहकशांँ प्रवीण सम्मानित

SHARE:

किशनगंज/पोठिया/राज कुमार

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पोठिया प्रखंड अंतर्गत छत्तरगाछ पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय खानका की शिक्षिका कहकशांँ प्रवीण को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान कला एवं संस्कृति विभाग बिहार, महिला एवं बाल विकास निगम बिहार तथा जिला प्रशासन किशनगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में शिक्षिका कहकशांँ प्रवीण को शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, कड़ी मेहनत और समाज के प्रति प्रेरणादायी योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि कहकशांँ प्रवीण ने अपने कार्यक्षेत्र में बच्चों की शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किया है। उनके प्रयासों से विद्यालय में पढ़ाई का माहौल मजबूत हुआ है और छात्र-छात्राओं में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ी है।

जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि समाज में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। कहकशांँ प्रवीण जैसी शिक्षिकाएं अपने कार्यों से समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वह शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में इसी तरह कार्य करती रहेंगी और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।

बताया जाता है कि इससे पहले भी शिक्षिका कहकशांँ प्रवीण को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। उनके इस सम्मान से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद कहकशांँ प्रवीण ने जिला प्रशासन और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना उनकी प्राथमिकता है और वह भविष्य में भी इसी दिशा में लगातार प्रयास करती रहेंगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई