राजेश दुबे /किशनगंज
उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने लापरवाही पर बड़ा और सख़्त संदेश देते हुए कहा है कि अब सड़कों की बदहाली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि आने वाले तीन महीने के भीतर यदि पथ निर्माण विभाग की किसी भी सड़क पर गड्ढा पाया गया, तो संबंधित इंजीनियर और संवेदक पर कठोर कार्रवाई तय है।
मंत्री डॉ जायसवाल ने कहा कि राज्य में सड़क निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।उन्होंने कहा कि शनिवार को ही उन्होंने भारत नेपाल सीमा सड़क से जुड़े बड़े संवेदक को निविदा से वंचित किया है जिसके बाद हड़कंप मच गया । डॉ जायसवाल ने आगे कहा कि भारत नेपाल सड़क के संवेदक जेकेएम इंफ्रा प्रोजेक्ट पिछले कई सालों से एक्टेंशन ले रहा था, वो बहुत बड़ा और नामी गिरामी संवेदक था लेकिन मेरे कलम से उसे ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया ।
उन्होंने कहा कि ब्लैक लिस्टेड किए जाने के बाद पूरे बिहार में तहलका मचा, लेकिन मेरा उद्देश्य साफ है कि सड़क अच्छी बनाओ तभी तुम्हारी खैरियत होगी।मालूम हो कि डॉ जायसवाल तौहीद एजुकेशन ट्रस्ट में आयोजित 31 वे दीक्षांत समारोह में सभा को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि किशनगंज से बहादुरगंज सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है,तैयबपुर में पुल का निर्माण किया जा रहा है,बायसी- अमौर- गलगलिया फोर लेन सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है।
डॉ जायसवाल ने कहा कि पथ निर्माण विभाग के तहत आने वाली जो भी सड़के है वो पूरे देश में अव्वल होगी ये गारंटी देना मेरा काम है।वही उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने एक करोड़ रोजगार देने का वायदा किया है उसमें सबसे बड़ी भूमिका उद्योग विभाग की है और इस दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
डॉ जायसवाल ने कहा कि आज भी हम शिक्षा और विकास के मामले में बहुत पीछे है। सीमांचल का विकास सरकार की प्राथमिकता में शामिल है और इसे आगे बढ़ाने की जरूरत है।




























