कुलभूषण सिंह/ठाकुरगंज :-
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखण्ड के चार पंचायतों में पैक्स चुनाव शांति पूर्ण सम्पन्न होने के उपरांत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतों की गिनती हुई ।जिसमें दो पुराने पैक्स अध्यक्षों ने लगातार दूसरी बार जीत का परचम लहराया है।
शुक्रवार को प्रखण्ड के सखुआ डाली , बेसर बाटी , भोलमारा व छेतल पंचायत में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पैक्स अध्यक्ष पद व सदस्य पद हेतु चुनाव कराया गया , चुनाव के मद्देनजर सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि भयमुक्त माहौल में निष्पक्ष चुनाव कराया जा सके ।
चुनाव को सम्पन्न कराए जाने को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगलेश कुमार , थाना अध्यक्ष मकसूद आलम असरफी सहित दंडाधिकारी व पुलिस बल लगातार बूथों का निरीक्षण में लगे थे ।
वही निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली भी सभी बूथों पर हो रहे मतदान पर नजरें जमाये बने थे । शांति पूर्ण चुनाव सम्पन्न होने के उपरांत देर शाम प्रखण्ड मुख्यालय परिषर में मतों की गिनती आरंभ हुई ।
चुनाव परिणाम के मुताबिक बेसर बाटी पंचायत से दोबारा पप्पू तिवारी ने 376 वोटो से जीत दर्ज करते हुए निकटतम प्रत्याशी मो मकसूद को शिकस्त दिया , वही छेतल पंचायत से मो जुनैद ने पैक्स चुनाव में अध्यक्ष पद पर जीत हासिल किया , तो सखुआ डाली पंचायत से अमरेन्द्र सिंह जीते ।
बताते चले कि उक्त चुनाव में सबसे रोमांचक मुकाबला भोलमारा पंचायत का रहा जहाँ महज तीन मतों से जीत दर्ज किए मो आरिफ को दोबारा यानी री काउंटिंग के गुजरने के बाद भी पुनः तीन मतों से जीत दर्ज कर अपने निकटतम प्रत्याशी शकीला खातून को पराजित किया ।
बहरहाल सभी नव निर्वाचित पैक्स अध्यक्ष को निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के द्वारा जीत का प्रमाणपत्र दिया गया । बहरहाल बेसर बाटी पंचायत से भारी मतों से जीत दर्ज करने वाले पप्पू तिवारी ने अपनी जीत का श्रेय जनता जनार्दन को देते हुए उन्हें साधुवाद दिया है ।




























