राज्य स्तरीय संयुक्त PMEGP एवं मार्केटिंग प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, ग्रामोद्योग विकास योजना अंतर्गत टूलकिट का किया गया वितरण

SHARE:

राज्य में उद्यमिता एवं औद्योगिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने हेतु सरकार निरंतर कार्य कर रही है : डॉ जायसवाल

पटना:खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (KVIC), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राज्य स्तरीय संयुक्त PMEGP एवं मार्केटिंग प्रदर्शनी सह ग्रामोद्योग विकास योजना (GVY) अंतर्गत टूलकिट वितरण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ शनिवार को गांधी मैदान में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, सांसद रवि शंकर प्रसाद, अमन समीर, निदेशक (एमएसएमई), उद्योग विभाग, बिहार सरकार तथा डॉ. बिद्या नंद सिंह, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड सहित कई अतिथि मौजूद थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं ग्रामोद्योग विकास योजना देश के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सशक्त माध्यम हैं। इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं, कारीगरों एवं ग्रामीण उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। खादी एवं ग्रामोद्योग ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

वहीं उद्योग मंत्री, बिहार सरकार डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि बिहार सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में उद्यमिता एवं औद्योगिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने हेतु निरंतर कार्य कर रही है। PMEGP एवं ग्रामोद्योग विकास योजना के माध्यम से राज्य के युवाओं और कारीगरों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऐसे आयोजनों से उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिलता है तथा लाभार्थियों का आत्मविश्वास भी सशक्त होता है।

इस अवसर पर ग्रामोद्योग विकास योजना के अंतर्गत वर्चुअल माध्यम से टूलकिट का वितरण किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से—224 लाभार्थियों को इलेक्ट्रिक पॉटरी व्हील, 60 लाभार्थियों को पाम गुर टूलकिट, 20 लाभार्थियों को ऑटोमैटिक अगरबत्ती मशीन, पेपर/लीफ प्लेट एवं दोना निर्माण मशीन, मोबाइल रिपेयरिंग टूलकिट तथा 90 लाभार्थियों को 900 मधुमक्खी बक्से (बी-बॉक्स) का वितरण शामिल रहा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई