सरस्वती पूजा को लेकर टेढ़ागाछ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए दिए गए दिशा-निर्देश

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को टेढ़ागाछ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्ष, समाजसेवी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार के अश्लील गीत, भड़काऊ संगीत या हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने कहा कि पूजा पंडालों में सुरक्षा के दृष्टिकोण से अग्निशमन यंत्रों की अनिवार्य व्यवस्था की जाए। साथ ही प्रतिमा विसर्जन प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट से ही किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की संभावना न रहे। सभी पूजा समितियों से समय-समय पर प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।


बैठक में उपस्थित अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने सोशल मीडिया को लेकर विशेष चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक खबर, अफवाह या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विसर्जन जुलूस के दौरान प्रत्येक पूजा समिति के स्वयंसेवक सक्रिय रहेंगे, जो भीड़ नियंत्रण और अनुशासन बनाए रखने में पुलिस प्रशासन की मदद करेंगे।

उपस्थित लोगों ने आपसी भाईचारे और सहयोग से सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।अंत में पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की, ताकि सरस्वती पूजा का पर्व क्षेत्र में हर्षोल्लास और सुरक्षित वातावरण में मनाया जा सके।

सबसे ज्यादा पड़ गई