ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रारंभिक सदस्यता अभियान को लेकर रविवार को ठाकुरगंज नगर के गोविंदपुरी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जदयू जिला उपाध्यक्ष अहमद हुसैन ने की। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने तथा सदस्यता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए अहमद हुसैन ने बताया कि आगामी 26 दिसंबर 2025 को किशनगंज जिला में जदयू के प्रारंभिक सदस्यता अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर जदयू राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा, बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, ठाकुरगंज के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि ठाकुरगंज प्रखंड की सभी 21 ग्राम पंचायतों के साथ-साथ नगर पंचायत ठाकुरगंज एवं पौआखाली क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत लगभग 35 हजार नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए पंचायत और नगर स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
बैठक में सदस्यता अभियान के सफल संचालन के लिए एक विशेष समिति का गठन भी किया गया। समिति में अध्यक्ष अहमद हुसैन, उपाध्यक्ष बीरेंद्र प्रसाद सिंह, महासचिव मंसूर आलम, सचिव मनोज कुमार गिरि, कोषाध्यक्ष सिराजुद्दीन तथा संयुक्त सचिव के रूप में उमाकांत गोस्वामी, श्रीलाल राय, सुखशरण सिंह एवं संजय यादवेंदू को शामिल किया गया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मो. फिरोज, अजय कुमार सिंह, मो. सईदुर्रहमान, मुकरन सिंह, भुरेन सिंह, विकास कुमार मंडल, निर्मल गणेश, हबीबुर्रहमान, निरंजन सिंह, मो. आजाद, तहसीन रजा और रोबिन कुमार गणेश को मनोनीत किया गया।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि सदस्यता अभियान के शुभारंभ से पूर्व 24 दिसंबर 2025 को कार्यकर्ताओं की एक और बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें 26 दिसंबर को होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों और कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक के दौरान जदयू कार्यकर्ताओं में सदस्यता अभियान को लेकर खासा उत्साह देखा गया और सभी ने इसे सफल बनाने के लिए संगठित होकर काम करने का संकल्प दोहराया।



























