सुपौल।सोनू कुमार भगत
छातापुर प्रखंड मुख्यालय पंचायत वार्ड संख्या 12 निवासी छात्र सोना राज सुधांशु को राज्यपाल के द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया है। सुधांशु को यह मेडल सामाजिक विज्ञान संकाय में सर्वोत्तम स्नातकोत्तर के लिए दिया गया।
दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय गया में गुरुवार को आयोजित चतुर्थ दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के द्वारा गोल्ड मेडल पहनाकर प्रमाणपत्र दिया गया। मिडिल स्कूल छातापुर की एचएम कुशुमकला कुमारी व किसान ललन मेहता के पुत्र सुधांशु ने यह सम्मान पाकर छातापुर का मान बढाया है और यहां के लोग इससे अपने आप को गौरवान्वित महशुस कर रहे हैं। इधर, सम्मान पाकर हर्षित छात्र सोना राज सुधांशु ने बताया कि वे सिविल सर्विस के लिए लगातार अध्ययनरत हैं।

सत्र 2019-21 में प्राप्तांक में टाॅपर रहने पर उन्हे गोल्ड मेडल मिला है। गोल्ड मेडलिस्ट बनने से सिविल सर्विसेज की तैयारी के प्रति उनकी जिज्ञासा और बढ़ेगी। बताया कि इससे पूर्व उन्हे विश्वविद्यालय में साल 2020 में साहित्य सम्मान भी मिल चूका है। 2013 में स्नातक में भी वे गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं। बताया कि सिविल सर्विस में जाने के लिए बचपन से ही उनमें ललक है। सफलता के लिए वे लगातार परिश्रम कर रहे हैं। जबतक सफलता नहीं मिलती है तबतक उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उधर, सुधांशु को गोल्ड मेडल का सम्मान मिलने से माता पिता के अलावे परिवार के लोग हर्षित हैं।