इरफान/पोठिया
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने गुरुवार को पोठिया थाने का औचक निरीक्षण किया। दोपहर 12:30 बजे शुरू हुआ निरीक्षण करीब शाम 4 बजे तक चला। इस दौरान एसपी ने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अभिलेखों की जांच कर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, मालखाना और हेल्प डेस्क का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में संधारित अभिलेखों एवं अपराध रजिस्टर की जांच करते हुए पुलिस कार्यों से संबंधित रिकॉर्ड का अवलोकन किया। साथ ही अभिलेखों के उचित रखरखाव और थाना की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया।
एसपी ने थाने में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए थाना अध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार से शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनुसंधान को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए तथा प्रत्येक मामले में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी करने और अपराध नियंत्रण के लिए सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने और आम लोगों की शिकायतों पर गंभीरता से पहल करने को कहा। उन्होंने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया।