फलका/कटिहार – फलका पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए निसुंदरा बंगाली टोला के पास छापेमारी कर एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो किलोग्राम दो सौ ग्राम गांजा और 1,010 रुपये नकद बरामद किए हैं। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि निसुंदरा बंगाली टोला के पास एक व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर जा रहा है।सत्यापन और कार्रवाई के लिए जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची, तो एक व्यक्ति हाथ में थैला लेकर पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस बल के जवानों ने खदेड़कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान निसुंदरा बंगाली टोला निवासी मोहम्मद सिकंदर के रूप में बताई। जब पुलिस ने उसके हाथ में मौजूद थैले की तलाशी ली तो उसमें से 2 किलो 200 ग्राम गांजा और नकदी बरामद हुई।
पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।