जिला स्तरीय कार्यशाला में आधुनिक कृषि तकनीक, डिजिटल सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर हुई चर्चा
कटिहार – रबी मौसम में कृषि उत्पादन बढ़ाने,खेती की लागत कम करने और किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से गुरुवार को डीआरडीए कार्यालय के सभाकक्ष में रबी महाभियान-2026 के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. सूरज कुमार और जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यशाला की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने की।कार्यशाला में रबी फसलों की बेहतर पैदावार के लिए किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने,उन्नत किस्म के बीजों का चयन करने, समय पर बीजोपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और फसलों की जरूरत के अनुसार सिंचाई करने के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने शून्य जुताई समेत आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धतियों के उपयोग से खेती की लागत कम करने, संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने बिहार कृषि ऐप,प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत ई-केवाईसी, फार्मर रजिस्ट्री और किसान कॉल सेंटर जैसी डिजिटल सुविधाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया।
उन्होंने संबंधित कृषि कर्मियों से किसानों को पंजीकरण,सत्यापन और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देने की अपेक्षा की, ताकि पात्र किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।