निरीक्षण के दौरान डीएम, एसडीओ समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने पर दिया जोर
कोढा/कटिहार – कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुंगेर प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीना जिन्हें कोसी स्नातक चुनाव का पर्यवेक्षक बनाया गया है, गुरुवार को कोढ़ा प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने चुनाव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी तथा अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार भी मौजूद रहे। इसके अलावा कोढ़ा के प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार पंडित, अंचलाधिकारी संजीव कुमार और कोढ़ा थानाध्यक्ष पंकज आनंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने चुनाव से जुड़ी प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सतर्कता बरतने,आपसी समन्वय बनाए रखने तथा चुनाव संबंधी दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।आयुक्त ने स्पष्ट रूप से शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों से निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी परिस्थिति में प्रशासनिक तत्परता में कमी नहीं आने देने की बात कही। कोसी स्नातक चुनाव को लेकर अधिकारियों के बीच समन्वय और तैयारियों की समीक्षा को प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निरीक्षण के माध्यम से चुनावी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।