न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 2.01 लाख रुपये के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार; यामाहा बाइक जब्त

दिघलबैंक/मुरलीधर झा

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने अवैध रूप से भारतीय मुद्रा नेपाल ले जाने के आरोप में एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। जवानों ने उसके पास से 2 लाख 1 हजार 200 रुपये भारतीय मुद्रा और एक यामाहा मोटरसाइकिल जब्त की है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद जब्त रुपये और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार व्यक्ति को सीमा शुल्क कार्यालय, ठाकुरगंज के सुपुर्द कर दिया गया।
यह कार्रवाई मंगलवार की शाम 19वीं वाहिनी एसएसबी की एफ कंपनी धनतोला के जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 128 के पास की।

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसबी जवानों को सूचना मिली थी कि एक बाइक सवार नेपाली नागरिक भारी मात्रा में भारतीय रुपये लेकर नेपाल जाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर धनतोला एसएसबी कैंप से विशेष गश्ती दल को सक्रिय किया गया। इसी दौरान जवानों ने मोटरसाइकिल से सीमा की ओर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। उसे रोककर पूछताछ की गई और तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के 367 नोट, 200 रुपये के 48 नोट तथा 100 रुपये के 81 नोट बरामद किए गए। बरामद भारतीय मुद्रा की कुल राशि 2,01,200 रुपये बताई गई है। एसएसबी जवानों ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए रुपये और मोटरसाइकिल जब्त कर ली।

नेपाल के झापा जिले का निवासी है गिरफ्तार व्यक्ति

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 44 वर्षीय मो. जालिम, पिता अब्दुल वासिद, निवासी शरणामती, वार्ड संख्या-1, राजगढ़, जिला झापा, नेपाल के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह लोहागाड़ा हाट से रुपये लेकर मोटरसाइकिल से नेपाल जा रहा था।


एसएसबी की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए गिरफ्तार व्यक्ति तथा जब्त सामान को सीमा शुल्क कार्यालय, ठाकुरगंज के हवाले कर दिया गया। मामले में आगे की जांच संबंधित विभाग द्वारा की जाएगी।

Share this news

Leave a Comment