सागर चंद्रा/ किशनगंज
पति की मौत के बाद दूसरे युवक के साथ लीव इन रिलेशनशिप में रहकर शादी करना महिला को काफी महंगा पड़ा। शादी के बाद अब ससुराल वाले उसे दहेज की मांग कर प्रताड़ित करने लगे। जिसका विरोध करने पर उसे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया गया। स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिलने पर महिला पुलिस के समक्ष जा पहुंची। शहर के धरमगंज मझिया रोड निवासी पीड़िता लक्ष्मी देवी की लिखित शिकायत पर महिला थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मी के पूर्व पति राजा साह की मौत वर्ष 2012 में हो गई थी। घटना के बाद लक्ष्मी अपने बेटे को लेकर मायके में रहने लगी थी। इसी दौरान धरमगंज निवासी पंकज शर्मा पिता कृष्णा शर्मा ने उसे अपने प्रेम जाल में फांस लिया और शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करने लगा। लक्ष्मी के द्वारा शादी करने का दबाव बनाने पर पंकज ने गत 11 मई 2026 को पीड़िता की मांग भर दिया और दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे।
लेकिन लक्ष्मी जब भी ससुराल जाने की जिद करती थी तो पंकज टालमटोल करने लगता था। उसने लक्ष्मी को पटना जाकर रोजगार करने का झांसा दिया। गत 6 अगस्त को पंकज पीड़िता को लेकर पटना गया। लेकिन ससुराल वालों ने बार बार फोन कर उन्हें वापस बुला लिया। लेकिन ससुराल पहुंचते ही सभी दो लाख रुपये और बाइक की मांग करने लगे। जिसका विरोध करने पर ससुराल वालों ने लक्ष्मी की बेरहमी से पिटाई कर दी और उसे घर से बाहर निकाल दिया।
घटना के बाद लक्ष्मी ने अपने मायके में शरण ले ली। घटना के बाद मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर पंचायती भी की गई। लेकिन पंचायत से न्याय नहीं मिलने पर पीड़िता इंसाफ की गुहार लगाने महिला थाने पहुंच गई।
थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत पर पांच लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।