मृतका ने आठ-दस दिन पहले फोन पर बताई थी प्रताड़ना की बात
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
बारसोई /कटिहार – बारसोई प्रखंड की बेलवाडांगी पंचायत के मकनपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। देर रात हुई इस घटना के बाद मायके पक्ष ने पति मनोवर हुसैन सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज के लिए हत्या कर शव को फंदे से लटका आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना की सूचना फैलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।मृतका शिरत प्रवीण (22)के भाई मो. रकीब उर्फ गुड्डू ने आरोप लगाया कि शादी के समय उनकी क्षमता के अनुसार दान-दहेज दिया गया था। लेकिन इसके बावजूद पति मनोवर हुसैन और उसके परिजन लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी बहन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
उन्होंने बताया कि करीब आठ से दस दिन पहले शिरत परवीन ने फोन कर अपनी आपबीती सुनाई थी और कहा था कि ससुराल में उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जा रही है। इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी । जिसके बाद मामला कुछ दिनों के लिए शांत हो गया था।भाई का आरोप है कि विगत रात ससुराल वालों ने पहले शिरत परवीन की हत्या कर दी और बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को फंदे से लटका दिया।
सुबह गांव वालों से सूचना मिलने पर परिजन मकनपुर पहुंचे।जहां विवाहिता का शव देख उनके होश उड़ गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बारसोई थाना अध्यक्ष उमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि मामले की वैज्ञानिक एवं विधिक तरीके से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एव फॉरेंसिक जांच और परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी के अनुरूप दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

























