समेली को थाना बनाने की मांग तेज,एसपी परिचय कुमार के समक्ष उठा वर्षों पुराना मुद्दा

SHARE:

पोठिया थाना के औचक निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुमन शर्मा ने रखी मांग

एसपी बोले— सकारात्मक पहल की जाएगी

समेली/कटिहार – कटिहार के आरक्षी अधीक्षक परिचय कुमार ने शनिवार की शाम पोठिया थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डूमर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुमन शर्मा ने उनसे मुलाकात कर समेली प्रखंड को थाना का दर्जा देने की वर्षों पुरानी मांग को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने समेली की भौगोलिक स्थिति, बढ़ती आबादी और कानून-व्यवस्था की आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं से एसपी को अवगत कराया।

सुमन शर्मा ने बताया कि समेली प्रखंड भौगोलिक रूप से कुर्सेला, पोठिया और फलका थाना क्षेत्रों में विभाजित है। इसके कारण क्षेत्र के लोगों को प्राथमिकी दर्ज कराने, पुलिस सहायता प्राप्त करने और अन्य कानूनी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1993 में समेली प्रखंड का गठन हुआ, लेकिन तीन दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद इसे आज तक थाना का दर्जा नहीं मिल सका है।

उन्होंने एसपी को बताया कि पोठिया ओपी की स्थापना वर्ष 1918 में हुई थी। बाद में इसे थाना का दर्जा तो दे दिया गया, लेकिन आज तक थाना भवन का निर्माण नहीं हो पाया है। उन्होंने यह भी स्मरण कराया कि बिहार के वर्तमान पुलिस महानिदेशक विनय कुमार जब कटिहार के एसपी थे, तब उनके कार्यकाल में पोठिया ओपी परिसर में आगंतुक कक्ष का निर्माण कराया गया था।


सुमन शर्मा ने कहा कि समेली थाना की मांग कोई नई नहीं है। इस संबंध में पूर्णिया के पूर्व आईजी सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष वर्षों से मांग उठाई जाती रही है। लेकिन हर बार यह मामला फाइलों तक ही सीमित रह गया। उन्होंने आरोप लगाया कि समेली थाना निर्माण से जुड़ी फाइलें बार-बार दबा दी जाती हैं, जिससे क्षेत्रवासियों की उम्मीदें अधूरी रह जाती हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि समेली प्रखंड से राष्ट्रीय राजमार्ग-31,राज्य राजमार्ग-77 ,राज्य राजमार्ग-65 सहित प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजनाओं के महत्वपूर्ण मार्ग गुजरते हैं। लगातार बढ़ते आवागमन, व्यावसायिक गतिविधियों और जनसंख्या को देखते हुए यहां अलग थाना की स्थापना समय की आवश्यकता बन चुकी है।आरक्षी अधीक्षक परिचय कुमार ने सुमन शर्मा द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने आश्वस्त किया कि समेली क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी तथा ओपी थाना स्थापना के संबंध में सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।इस मौके पर पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार, एसआई धर्मेंद्र कुमार, एसआई सूरज कुमार, एसआई डोली कुमारी सहित बिहार पुलिस के अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे ।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!