किशनगंज/सागर चंद्रा
फोरलेन सड़क निर्माण में लगे एक पॉकलेन चालक की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सिवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र स्थित विशनपुर महुआरी निवासी 28 वर्षीय अशोक यादव पिता तेरस यादव के रूप में की गई है।
शनिवार सुबह घटित घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में सड़क निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारी और सहकर्मी भी सदर अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव को उसके पैतृक निवास भेज दिया गया।
वहीं सहकर्मियों ने बताया कि शनिवार सुबह अशोक यादव काम पर जाने से पहले धनपुरा कैंप में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर गया।
घटना के बाद सहकर्मियों ने उसे फौरन इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन ड्युटी पर तैनात चिकित्सक ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

























