ड्युटी के दौरान मोबाइल का उपयोग करना महिला सिपाही को पड़ा महंगा, एसपी ने किया निलंबित

SHARE:

किशनगंज/सागर चंद्रा


मुहर्रम पर्व के दौरान ड्यूटी में तैनात एक महिला सिपाही को मोबाइल फोन का उपयोग करना महंगा पड़ गया। एसपी संतोष कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला सिपाही अनुप्रिया कुमारी (सिपाही संख्या-853) को सामान्य जीवन यापन भत्ता पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही आरोपी सिपाही के विरुद्ध विभागीय जांच का निर्देश दिया है। एसपी ने पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस केंद्र किशनगंज को 2 दिनों के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया है। जबकि निलंबित महिला सिपाही को 7 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।


जानकारी के अनुसार गत 26 जून को मुहर्रम पर्व के दौरान शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई संवेदनशील स्थानों के साथ साथ विभिन्न चौक चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। महिला सिपाही अनुप्रिया को पुलिस केंद्र से सौदागर पट्टी में तैनात किया गया था। दोपहर के वक्त एसपी स्वयं विधि व्यवस्था का जायजा लेने निकले थे। निरीक्षण के क्रम में सौदागर पट्टी में तैनात महिला सिपाही अनुप्रिया कुमारी को अपने मोबाइल फोन में व्यस्त पाया गया।

उसने इयरफोन भी लगा रखा था। वरीय अधिकारियों के द्वारा बार बार बुलाए जाने के बावजूद वह अपने मोबाइल में व्यस्त रही। उसने कर्तव्य स्थल पर सक्रियता भी नहीं दिखाई और आराम से कुर्सी पर बैठ कर मोबाइल पर व्यस्त रही। एसपी ने बताया कि मुहर्रम पर्व विधि-व्यवस्था और सांप्रदायिक दृष्टिकोण से अत्यंत संवेदनशील होता है।

पुलिस मुख्यालय और जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में ही ही स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग नहीं करें। इसके बावजूद महिला सिपाही ड्युटी के दौरान मोबाइल का उपयोग करते पाई गई।

यह उनके कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानेपन, स्वेच्छाचारिता और आदेश उल्लंघन को परिलक्षित करता है। एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के प्रति विभाग की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू है। भविष्य में भी यदि कोई पुलिसकर्मी इस प्रकार की लापरवाही करते पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जायेगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई