ठाकुरगंज में मुहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न, भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश

SHARE:

ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह

ठाकुरगंज नगर में शनिवार को मुहर्रम का जुलूस पूरी श्रद्धा, अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण में निकाला गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकले जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जुलूस ने आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश दिया। पूरे मार्ग पर लोगों ने अनुशासन बनाए रखा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

मुहर्रम के अवसर पर नगर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ठाकुरगंज थाना अध्यक्ष अंजय अमन पुलिस बल के साथ लगातार जुलूस के साथ मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखी। प्रशासन की सतर्कता तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से पूरे आयोजन के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री कृष्ण सिंह, वार्ड पार्षद अमित सिन्हा, भाजपा नेता अनिल महाराज, वार्ड पार्षद खालिक अंसारी, समाजसेवी अख्तर खान, गुड्डु खान, शिवा यादव, मस्तान आलम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने जुलूस में शामिल लोगों का अभिवादन किया और सामाजिक एकता तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।

जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने कहा कि मुहर्रम केवल आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि त्याग, बलिदान, धैर्य और इंसानियत का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता को बनाए रखने की अपील करते हुए मुहर्रम के पावन अवसर पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।

नगरवासियों ने भी प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी की सराहना करते हुए शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग किया। पूरे आयोजन के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा, जिससे ठाकुरगंज ने एक बार फिर सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल पेश की।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!