पौआखाली/प्रतिनिधि
जिले के पौआखाली नगर बाजार में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार अहले सुबह इमामबाड़ा चौक के समीप स्थित एक किराना दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने दुकान के मुख्य दरवाजे पर लगे तीन-तीन तालों को तोड़कर करीब 17 से 18 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में दहशत और नाराजगी है।
पीड़ित दुकानदार शमसुल हक एवं मो. सितारे ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो दरवाजे के टूटे ताले देखकर हैरान रह गए। अंदर जांच करने पर प्लास्टिक की थैली गायब मिली, जिसमें करीब 18 हजार रुपये के छुट्टे पैसे रखे हुए थे। गनीमत रही कि दुकान में रखा अन्य सामान सुरक्षित है और किसी अन्य वस्तु की चोरी नहीं हुई।
सूचना मिलते ही पौआखाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुकानदारों से पूछताछ की। थाना अध्यक्ष शंखराज कर्ण ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तक पीड़ित की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि नगर क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। करीब एक सप्ताह पहले ही गुदरी बाजार में भी चोरी हुई थी। इससे पहले भी कई छोटी-बड़ी वारदातें हो चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान में जुटी है।























