बहादुरगंज में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ मोहर्रम,भाईचारे की मिसाल बनी ताजिया व अखाड़ा परंपरा

SHARE:

निसार अहमद/बहादुरगंज (किशनगंज):

बहादुरगंज में शुक्रवार को मोहर्रम का पर्व पूरी श्रद्धा, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पीर अली हुसैन चौक से सुबह करीब 10 बजे मोहर्रम जुलूस निकाला गया। जुलूस अली हुसैन चौक से झांसी रानी चौक, अस्पताल चौक, थाना रोड होते हुए पुनः अली हुसैन चौक पहुंचा, जहां जुमे की नमाज तक कार्यक्रम स्थगित रहा।


जुमे की नमाज के बाद अपराह्न करीब 4 बजे अखाड़ा जुलूस दोबारा अली हुसैन चौक से कर्बला मैदान के लिए रवाना हुआ। “या हुसैन, या हुसैन” के नारों के बीच विभिन्न अखाड़ों के खिलाड़ियों ने पारंपरिक करतब और हैरतअंगेज खेलों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


मोहर्रम के दौरान बहादुरगंज प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना अध्यक्ष सुनील कुमार, साइबर डीएसपी रविशंकर, प्रखंड विकास पदाधिकारी वरुण सरदार, अंचल अधिकारी कार्यालय से शमीम आलम, रामबाबू चौधरी, उमेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। दूर-दराज से आए लगभग 20 अखाड़ों के शांतिपूर्ण संचालन में प्रशासन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


इस अवसर पर बहादुरगंज की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। विभिन्न स्थानों पर हिंदू समाज के लोगों ने अखाड़ा खिलाड़ियों और जुलूस में शामिल लोगों के लिए पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कीं, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश मजबूत हुआ।


मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष अतहर आलम, सचिव मेहंदी हसन, दानिश आलम, महताब अंसारी, मुलाजिम हुसैन, तैयब आजाद, ताहिर आलम, सरवर आलम, राजा एहसान, दानिश सहित कमेटी के सभी सदस्यों ने पूरे आयोजन का सफल संचालन किया तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम को संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाई।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई