सागर चंद्रा/ किशनगंज
आरपीएफ जवानों ने ट्रेन से तस्करी कर लाई गई 162 शराब की बोतलों को बरामद किया है। हालांकि तस्कर को गिरफ्तार करने में जवान नाकाम रहे।
दरअसल आरपीएफ के द्वारा नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम मे आरपीएफ इंस्पेक्टर एचके शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने 12407 डाउन कर्मभूमि एक्सप्रेस में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान, पीछे से दूसरे जीएस कोच से सात बैग में भरकर रखें शराब की बोतलें बरामद की गई। जिसे टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। तलाशी लेने पर बैग से विभिन्न ब्रांड की 83 शराब की बोतलें बरामद की गई। जिसमें 44.250 लीटर शराब भरा था।
इसके साथ ही इसी ट्रेन के एक अन्य कोच से सीआईबी एनजेपी की टीम ने स्थानीय आरपीएफ की मदद से 9 लावारिस बैग बरामद किया। तलाशी लेने पर बैग से 79 शराब की बोतलें बरामद की गई। इन बोतलों में 49.260 लीटर शराब भरा था। आवश्यक जांच के बाद बरामद शराब की बोतलों को अग्रतर कार्रवाई के लिए रेल पुलिस के हवाले कर दिया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि नशे के खिलाफ हमारा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। किशनगंज होकर गुजरने वाली ट्रेनों में सघन तलाशी ली जा रही है।


























