सागर चंद्रा /किशनगंज
दहेज के लिए महिला को प्रताड़ित कर घर से निकाल देने मामले की जांच कर रही महिला थाने की पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। कोचाधामन थाना क्षेत्र के झांटिबाड़ी निवासी मोहम्मद दिलशाद आलम से आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बचाने चलें कि दिलशाद की पत्नी खुशतबी बेगम की लिखित शिकायत पर स्थानीय महिला थाने में गत 13 मार्च को केस दर्ज किया गया था। खुशतबी ने अपने पति सहित ससुराल वालों के विरुद्ध दहेज की मांग कर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर घर से निकाल देने का आरोप लगाया था।
पीड़िता का कहना था कि उसकी शादी 9 वर्ष पूर्व मुस्लिम रिती-रिवाज के अनुसार झांटिबाड़ी निवासी दिलशाद आलम पिता खलीलुर रहमान के साथ हुई थी। शादी के वक्त मायके वालों ने उसे उपहार स्वरूप 1 भरी सोना, 40 भरी चांदी, बाइक, फर्नीचर सहित अन्य कीमती सामान उपहार स्वरूप दिए थे। शादी के बाद जब जब पीड़िता गर्भवती हुई तो पति ने धोखे से हर बार उसका गर्भपात करा दिया। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर पंचायती की गई। पंचायती के बाद पीड़िता मां बन गई।
लेकिन बेटी को जन्म दिये जाने के बाद से ही पति और ससुराल वाले दो लाख रुपये, दो भरी सोना और बुलेट बाइक की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे।
पीड़िता के द्वारा मायके से दहेज मांग कर लाने से इंकार किए जाने पर पति और ससुराल वालों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और हत्या करने की कोशिश भी की। लेकिन आसपास के लोगों ने उसकी जान बचा ली। लेकिन ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया। घटना के बाद पीड़िता ने अपने मायके में शरण ले ली और पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज करा दी थी।


























