मुरलीधर झा/किशनगंज/दिघलबैंक
दिघलबैंक-बहादुरगंज मुख्य सड़क पर कोईमारी के पास गुरुवार को दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां-बहन समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान खान मंगूरा गांव निवासी अंजार आलम के रूप में हुई है। हादसे में अंजार की बहन रूही प्रवीण और मां अजलेमा खातून घायल हुई हैं। दूसरा बाइक चालक मलमली कोढ़ोबाड़ी निवासी ऐहतशाम, पिता अबुल कलाम भी गंभीर रूप से जख्मी है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिघलबैंक के चिकित्सकों के अनुसार रूही प्रवीण और ऐहतशाम की हालत नाजुक बनी हुई है। अजलेमा खातून की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बिपिन कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक अंजार आलम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

























