पंचायत विकास दिवस को सफल बनाने की तैयारी तेज, बीडीओ ने पंचायत कर्मियों के साथ की समीक्षा बैठक

SHARE:

मो मुर्तुजा/ठाकुरगंज (किशनगंज)

गुरुवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में पंचायत स्तर तक सरकार की सभी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंचायत कर्मियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली ने की।


बैठक में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी अजीत कुमार, अमरेश अंशुमन (प्रखंड परियोजना प्रबंधक), पंचायत सचिव, विकास मित्र, ग्राम कचहरी सचिव एवं पंचायत रोजगार सेवक सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।


बीडीओ अहमर अब्दाली ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी ग्राम पंचायतों में “पंचायत विकास दिवस” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन अथवा उस सरकारी भवन में आयोजित होगा, जहां पंचायत कार्यालय संचालित है।


उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित पंचायत के मुखिया तथा उनकी अनुपस्थिति में उपमुखिया करेंगे। कार्यक्रम के दौरान पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स एवं स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों के आधार पर विभिन्न विषयों पर जनचर्चा आयोजित की जाएगी।
आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले “पंचायत विकास शिविर” में महिला हितैषी पंचायत विषय पर विशेष जनचर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं के विकास, सशक्तिकरण और पंचायत स्तर पर उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना है।


प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी अजीत कुमार ने सभी पंचायत कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पंचायत विकास दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक इसकी जानकारी पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोगों को यह बताया जाए कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत स्तर पर ही सरकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।


बैठक में पंचायत विकास दिवस को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों एवं जनजागरूकता अभियान की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई