एनएच -31 जुराबगंज-मुसापुर मार्केट के पास स्कॉर्पियो-ऑटो में भीषण टक्कर

SHARE:

10 घायल, 5 की हालत नाजुक

कोढा /कटिहार- कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर जुराबगंज मुसापुर मार्केट के सामने गुरुवार को स्कॉर्पियो और ऑटो के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 10 लोग घायल हो गए। इनमें से 5 घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो पूर्णिया की ओर से आ रही थी जबकि ऑटो गेड़ाबाड़ी की तरफ से पूर्णिया जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार सभी 10 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना अध्यक्ष पंकज आनंद पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्कार्पियो चालक ने पुलिस को बताया कि वाहन का हैंडल अचानक लॉक हो गया था, जिसके कारण वह नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहे ऑटो से टक्कर हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घायलों की पहचान रिचा प्रिया मोरसंडा, भारतीय कुमारी महिनाथपुर, काजल कुमारी मोरसंडा,मोहम्मद चांद मोरसंडा, पार्वती कुमारी मोरसंडा, छोटी कुमारी पूर्णिया, सिंटू कुमार मोरसंडा, पिंटू महतो मोरसंडा, आशुतोष सिंह मडवा एवं अजय कुमार मुसापुर के रूप में हुई है।घटना के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर कोढ़ा थाना पहुंचा दिया है।

वहीं इस सड़क हादसे को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस व्यस्त मार्ग पर यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई