किशनगंज पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.357 किलोग्राम स्मैक/हेरोइन जैसा अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 70 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त एवं तकनीकी सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप चारपहिया वाहन से कोचाधामन थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
विशेष टीम द्वारा कोचाधामन थाना क्षेत्र के रहमतपाड़ा के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मस्तान चौक की ओर से आ रही एक कार पुलिस जांच देखकर वापस मुड़कर भागने लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के बोनट के अंदर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त बॉक्स से 2.357 किलोग्राम स्मैक/हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान मधेपुरा निवासी रजनीश कुमार (26) और सुशांत कुमार (19) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे संगठित गिरोह के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी करते हैं। गिरोह में पश्चिम बंगाल के मालदा और बिहार के मधेपुरा जिले के कई तस्कर शामिल हैं। बरामद खेप मालदा से मधेपुरा ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पश्चिम बंगाल और बिहार में छापेमारी की जा रही है। साथ ही मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला और तस्करी नेटवर्क की तकनीकी जांच भी जारी है। इस मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 343/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक किआ सोनेट कार (बीआर02बीएस0143) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।


























