बारसोई /कटिहार – बारसोई स्थित बुनियाद केंद्र में मंगलवार को दिव्यांगजनों के बीच इलेक्ट्रॉनिक ट्राइसाइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुल 18 लाभुकों को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जानी है, जिसमें प्रथम चरण में 10 दिव्यांगजनों के बीच ट्राइसाइकिल का वितरण विधायक प्रतिनिधि सागर साह, विधायक के निज सहायक रोहन महतो तथा अब्दुल वदूद ने किया।
कार्यक्रम के दौरान बुनियाद केंद्र की बदहाल व्यवस्था को देखकर विधायक प्रतिनिधि सागर साह नाराज हो गए। नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि भीषण गर्मी और कड़ी धूप के बावजूद दिव्यांगजनों के बैठने के लिए न तो शेड की व्यवस्था थी और न ही पेयजल की समुचित सुविधा उपलब्ध थी। दूर-दराज से पहुंचे कई दिव्यांगजन खुले आसमान के नीचे धूप में बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
मौके पर उपस्थित लोगों ने शिकायत करते हुए बताया कि बुनियाद केंद्र में चिकित्सक नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहते हैं। लोगों का आरोप था कि दो स्थानों पर ड्यूटी होने का हवाला देकर चिकित्सक अक्सर केंद्र से अनुपस्थित रहते हैं, जिससे दिव्यांगजनों को आवश्यक चिकित्सा एवं परामर्श सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाता। विधायक प्रतिनिधि सागर साह ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए संचालित केंद्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल व्यवस्था में सुधार करने तथा लाभुकों को सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की। इस संबंध में बुनियाद केंद्र के चिकित्सक डॉ. देवराज इंद्र ने बताया कि केंद्र में मौजूद कमियों को दूर करने की दिशा में पहल की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं में जल्द सुधार किया जाएगा, ताकि दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम में उपस्थित लाभुकों ने ट्राइसाइकिल मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की, वहीं केंद्र की अव्यवस्थाओं को दूर करने की मांग भी उठाई।
























