किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र स्थित फुलबरिया बाजार की मुख्य सड़क एवं सहायक सड़कों पर जल जमाव के कारण दुकानदारों और ग्रामीणों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
बाजार की सड़क में जगह-जगह गड्ढे , व कीचड़ ही कीचड़ नजर आ रहे हैं ।ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढों में भरे पानी में कई वाहन चालक एवं पैदल राहगीर गिरकर अपने कपड़े को गंदा एवं खुद को चोटिल कर चुके हैं ।लोगो ने बताया कि जन प्रतिनिधियों एवं प्रशासन की अनदेखी के कारण प्रखंड का सबसे प्रमुख बाजार विकास के रास्ते में पिछड़ता जा रहा है ।
बाजार में लाखों की लागत से दो- दो नालों का निर्माण हुआ है लेकिन जल जमाव की समस्या जस की तस बनी हुई है । फुटकर विक्रेता कीचड़ भरी सड़कों पर ही सामान बेचने को मजबूर हैं । बाजार की सहायक सड़कों पर हमेशा जल जमाव की स्थिति बनी रहती हैं जिसके कारण लोगों का घरों से बाहर निकल पाना मुश्किल हो रहा है ।
साथ ही जल जमाव के कारण संक्रमण का खतरा मंडराता जा रहा है ।ग्रामीणों ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र के सभी बाजारों में सबसे ज्यादा राजस्व उगाही इस बाजार से होने के बावजूद बाजार के विकास कार्य के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही हैं ।
स्थानीय निवासी शुभम तिवारी ने बताया कि बाजार की स्थिति दिन प्रति दिन दयनीय होती जा रही हैं बाजार की ना ही साफ सफाई का ख्याल रखा जाता है और ना ही इसके विकास के लिये कोई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं ।जल जमाव के कारण लोगों को कपड़े उठाकर चलना पड़ रहा है । स्थानीय लोग जरूरी कार्य होने पर ही बड़ी मुश्किल से सड़क पर चलते हैं ।
स्थानीय निवासी बृज मोहन जैन, रवि सिंह, बिक्की सिंह मिट्ठू साह, मिथिलेश पासवान, सुनील साह, गंगा साह, संजय साह, अशरफ अली, मोदी महतो, राजा महतो, राजेश कुमार, आदि ने जिला अधिकारी से मांग की है कि बाजार की बदहाल अवस्था को ठीक कर इसके विकास पर ध्यान दिया जाए एवं बाजार की बदहाली के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों पर ठोस कदम उठाए जाये ।


























