रणविजय/ पौआखाली
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को पौआखाली और जियापोखर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई.
पौआखाली थाना में थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण तथा जियापोखर थाना में थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न मुहर्रम कमेटियों के सदस्यों ने भाग लिया.
इस दौरान मुहर्रम के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने पर विस्तृत चर्चा की गई. थानाध्यक्षों ने उपस्थित लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा पर्व को पारंपरिक और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की. बैठक में सभी लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया.


























