किशनगंज:आठ वर्षीय बालक की नदी में डूबकर मौत, एसडीआरएफ की टीम ने किया शव बरामद

SHARE:

रणविजय /पौआखाली:

पौआखाली नगर पंचायत के वार्ड संख्या 03 स्थित सीमलबाड़ी टोला निवासी मो. समीरुद्दीन के आठ वर्षीय पुत्र समदान का शव सोमवार को एसडीआरएफ की टीम ने बूढ़ी कनकई नदी से बरामद कर लिया. शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया. जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर समदान गांव के समीप बहने वाली बूढ़ी कनकई नदी में स्नान करने के दौरान डूब गया था.

पिछले दो दिनों से नदी के जलस्तर में वृद्धि होने की बात बतायी जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद अंचलाधिकारी ठाकुरगंज मृत्युंजय कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और बालक की तलाश के लिए जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों से एसडीआरएफ टीम भेजने का अनुरोध किया. अंधेरा होने के कारण रविवार को सर्च ऑपरेशन नहीं चलाया जा सका.

सोमवार अहले सुबह एसडीआरएफ की टीम पौआखाली पहुंची और बूढ़ी कनकई नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद टीम ने बालक का शव पानी के अंदर से बरामद कर लिया. थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण ने बताया कि मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए स्थानीय थाने में आवेदन दिया है. वहीं आपदा प्रबंधन विभाग से मृतक के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह अनुदान की राशि से क्या मृतक बालक के परिजन वंचित रह जाएंगे, इसपर अंचलाधिकारी मृत्यंजय कुमार ने कहा कि, अनुग्रह अनुदान की राशि प्राप्त करने के लिए प्रावधानुसार शव का पोस्टमार्टम होना जरूरी होता है

जिसकी रिपोर्ट को आधार माना जाता है. फिर भी मामले की सूचना प्रतिवेदन आपदा प्रबंधन विभाग को भेजने की बात उनके द्वारा कही गई है. वहीं इस दुखद घटना पर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू, उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि अबूनसर आलम, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि हनीफ आलम, पूर्व वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मुश्फिक आलम, अशफाक आलम, जदयू नगर अध्यक्ष हबेवुर रहमान, रालोमो प्रखंड अध्यक्ष नायाब अनवर तथा पूर्व पंचायत समिति सदस्य नौशाद आलम समेत कई लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया.

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई